जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महंगे आईफोन, लग्जरी कार और दोस्तों के साथ ऐशो-आराम भरी जिंदगी की चाह ने एक युवती को रिश्तों की मर्यादाएं तोड़ने पर मजबूर कर दिया। युवती ने अपने ही बड़े पिताजी, जो कि आरटीओ अधिकारी हैं, के घर चोरी की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, भतीजी ने अपने बॉयफ्रेंड और दोस्तों के साथ मिलकर घर में रखी लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी के बाद आरोपी लंबे समय तक ऐशो-आराम की जिंदगी जीते रहे, लेकिन उनकी यह दुनिया ज्यादा दिन तक नहीं चल सकी।
मामले की जांच के दौरान जशपुर पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 51 लाख 82 हजार रुपये से अधिक की नकदी और आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।