मनेंद्रगढ़: एमसीबी जिले के शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। विकासखंड मनेंद्रगढ़ के प्राथमिक शाला बाला में पदस्थ प्रधानपाठक पारस राम वर्मा और सहायक शिक्षक मेहीलाल सिंह को ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पाए जाने पर कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान दोनों शिक्षक शराब के नशे में मिले, जिसके बाद मौके पर ही पंचनामा तैयार कर उनके बयान दर्ज किए गए। मामले की पुष्टि के लिए उन्हें सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरी जांच में भी शराब सेवन की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन का दोषी मानते हुए दोनों के खिलाफ निलंबन आदेश जारी किए। निलंबन अवधि के दौरान इनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय सेवा में इस तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।