Kondagaon Gangrape : कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ होली की खुशियों के बीच कुछ दरिंदों ने मानवता को शर्मसार कर दिया। जिले के ईरागांव थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती के साथ पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले के सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं।
घर में अकेला पाकर कमरे में ले गए आरोपी मिली जानकारी के अनुसार, यह शर्मनाक घटना होली के दूसरे दिन यानी गुरुवार की है। पीड़ित युवती उस समय घर में अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर गांव के ही पांच युवक रंग-गुलाल लगाने के बहाने उसके घर पहुंचे। युवती को अकेला देख आरोपियों की नीयत बिगड़ गई और वे उसे जबरन खींचकर कमरे के भीतर ले गए। वहां पांचों दरिंदों ने बारी-बारी से युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
देर शाम थाने पहुंची पीड़िता, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई इस खौफनाक मंजर से डरी-सहमी पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और देर शाम ईरागांव थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज की और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी।
आरोपियों में तीन नाबालिग शामिल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी पांचों आरोपियों को धर दबोचा है। पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए आरोपियों में से दो बालिग हैं, जबकि तीन अन्य नाबालिग (विधि विरुद्ध बालक) हैं। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है और उनसे बारीकी से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।