गरियाबंद में पिता ने छह साल की मासूम बेटी पर किया चाकू से हमला, फिर खुद का गला रेता, दोनों रायपुर रेफर

गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कामेपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही छह वर्षीय मासूम बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और उसके बाद स्वयं को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। इस घटना के बाद पिता और पुत्री दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना घर के आंगन में उस समय हुई जब परिवार के अन्य सदस्य भी वहां मौजूद थे। आरोपी पिता महेंद्र नेताम ने अचानक सब्जी काटने वाले चाकू से अपनी बेटी की गर्दन पर वार कर दिया। बच्ची की चीख सुनकर उसकी मां तुरंत मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया। हमले में मासूम के गर्दन के बाहरी हिस्से पर चोट आई है। इसी बीच महेंद्र ने उसी चाकू से अपने गले को भी रेतने का प्रयास किया। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी से चाकू छीना और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल के डॉक्टर हरीश चौहान ने बताया कि बच्ची की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उसके घाव गहरे नहीं हैं। हालांकि, पिता महेंद्र के गले में लगा घाव काफी गहरा है, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों को बेहतर चिकित्सा के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेज दिया गया है। गरियाबंद पुलिस ने इस मामले की सूचना मैनपुर थाना को दे दी है, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *