रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसूनी बादल सक्रिय हो गए हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। हालांकि, 10 अक्टूबर के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश और गर्जन की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
कई इलाकों में हुई हल्की से मध्यम बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 32.2°C तापमान जगदलपुर में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम 20.6°C दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।
मुख्य वर्षा वाले स्थानों में डभरा, पुसौर और छाल में 5 सेमी, जबकि चांपा, पामगढ़, लोरमी, चंद्रपुर और बम्हनीडीह में 3 सेमी तक बारिश हुई। वहीं, दुर्गकोंदल, बिल्हा, जैजैपुर, खरसिया और पिथौरा जैसे स्थानों पर 2 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें और सुरक्षित जगह पर रहें। वहीं, किसानों को फसलों की कटाई या भंडारण के दौरान मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।