बिलासपुर में सर्राफा व्यवसायी से बंदूक की नोक पर लूट, गहनों से भरी कार लेकर बदमाश फरार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सोमवार रात बंदूक की नोक पर एक सर्राफा व्यवसायी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। नकाबपोश बदमाशों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी के साथ मारपीट की और उनके जेवरातों से भरी कार लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी महालक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से दुकान संचालित करते हैं। वे रोज की तरह रात करीब 9 बजे अपनी दुकान बंद कर जेवरात अपनी रेनॉल्ट कार में रखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान टेलीफोन एक्सचेंज रोड के पास एक सफेद रंग की वैन ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार अन्य नकाबपोश बदमाश भी वहां पहुंच गए। बदमाशों ने व्यवसायी को बंदूक दिखाकर कार से बाहर निकाला और उन पर हथौड़ी व बंदूक की बट से हमला कर दिया।

हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद हड़बड़ी में बदमाश अपनी वैन और मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़ गए और व्यवसायी की ही मैरून रंग की कार लेकर भाग निकले। लूट की यह पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल व्यवसायी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि मौके से आरोपियों की एक मोटरसाइकिल, कार, एक मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपियों को व्यवसायी के आने-जाने के समय और जेवरात साथ ले जाने की पहले से जानकारी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *