बिलासपुर। काम में लापरवाही, साथी शिक्षकों से दुव्यवहार और स्कूल में शराब पीकर आने के गंभीर मामलों में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक शिक्षिका और एक प्रधान पाठक को निलंबित कर दिया है। दोनों शिक्षकों को मुख्यालय अटैच किया गया है और उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला मटियारी में पदस्थ प्रधान पाठक प्रताप सत्यार्थी पर शाला समय में शराब पीकर आने, अन्य शिक्षकों से दुव्यवहार करने, समय से देर से स्कूल पहुंचने और समय से पहले चले जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की जांच विकास खंड शिक्षा अधिकारी बिल्हा द्वारा की गई, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई।
जांच के आधार पर शिक्षा विभाग ने प्रधान पाठक प्रताप सत्यार्थी को शिक्षकीय गरिमा के प्रतिकूल आचरण का दोषी मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 03 का उल्लंघन पाया और तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उनके विरुद्ध दीर्घ शास्ति की अनुशंसा भी की गई है।
वहीं शिक्षिका सुपर्णा टेंगवार और सहायक शिक्षिका स्नेहलता भारद्वाज के विरुद्ध भी लघु शास्ति की अनुशंसा की गई है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।