भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी में मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। शहर के बीचों-बीच एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता रात के समय अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तो उसका कहीं पता नहीं चला।
देर रात करीब 2:30 बजे महिला बेहद बदहवास और बेसुध हालत में घर पहुंची। पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाते हुए बताया कि मनोहर डेयरी बस स्टैंड के पास स्थित पेट्रोल पंप से 4 से 5 अज्ञात बदमाशों ने उसे जबरन कार में खींच लिया और अपहरण कर किसी अनजान जगह ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ न केवल सामूहिक दुष्कर्म किया, बल्कि उसके साथ मारपीट भी की गई। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तुरंत उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताई है।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर वारदात के बाद भी शुरुआती कार्रवाई में पुलिस सीमा विवाद में उलझी नजर आई। मामला हनुमानगंज और मंगलवारा थाना क्षेत्र के बीच का बताया जा रहा है। फिलहाल, मंगलवारा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता और उसके परिवार के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
सीसीटीवी खंगाल रही टीमें
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पेट्रोल पंप और बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि उस कार की पहचान की जा सके जिसमें महिला को अगवा किया गया था। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।