अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में एक बुजुर्ग पर मधुमक्खियों के बड़े झुंड ने हमला कर दिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। खैरथल के तातारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढेलावास गांव में हुई इस घटना में करीब एक हजार से अधिक मधुमक्खियों ने बुजुर्ग को घेर लिया था। हालांकि, समय रहते मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस टीम की तत्परता से उनकी जान बचाई जा सकी।
मिली जानकारी के अनुसार, 56 वर्षीय धूल सिंह शुक्रवार को अपने खेत की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थिति इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग भी मदद के लिए पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने पीपीई किट पहनकर सुरक्षित तरीके से बुजुर्ग को मधुमक्खियों के बीच से निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उन्हें राजीव गांधी सामान्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मधुमक्खियों के इतने बड़े हमले से शरीर में जहर तेजी से फैलने का खतरा रहता है, जिससे जान जा सकती थी। ऐसे में एंबुलेंस टीम द्वारा दिखाया गया साहस और सूझबूझ जीवन रक्षक साबित हुई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य कर्मियों के इस कार्य की जमकर प्रशंसा की है। एंबुलेंस टीम ने कोरोना काल में उपयोग होने वाली पीपीई किट का सहारा लेकर इस आपात स्थिति का सामना किया।