मौसम पूर्वानुमान: देश के विभिन्न हिस्सों में शीतलहर और बारिश की चेतावनी
नई दिल्ली। नवंबर महीने में देश के कई हिस्सों में ठंड तेजी से बढ़ रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में 9 से 11 नवंबर तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है। दक्षिण हरियाणा, उत्तर-पश्चिम भारत और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र के मैदानी इलाकों में अगले चार-पांच दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 9 से 13 नवंबर तक दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। तमिलनाडु में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। केरल और माहे में आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड-हिमाचल में बर्फबारी की संभावना
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। लाहौल-स्पीति और मनाली में भारी बर्फबारी का अनुमान है। उत्तराखंड के चमोली, नैनीताल, मसूरी और रुद्रप्रयाग जिलों में शीतलहर का प्रभाव बढ़ सकता है।
दिल्ली में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले सात दिनों में ठंड और तेज होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने और सुबह-शाम 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
उत्तर प्रदेश-बिहार में शुष्क मौसम
उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। दोनों राज्यों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है तथा सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। रात के तापमान में अचानक गिरावट से ठंड बढ़ेगी। बिहार के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में शीतलहर चलने के आसार हैं।