फिरोजपुर झिरका में अरावली पहाड़ियों में अवैध खनन, वन विभाग ने खनन विभाग को लिखा पत्र

फिरोजपुर झिरका। नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका खंड के गांव हिरवाड़ी की अरावली पहाड़ियों में बेखौफ अवैध खनन की शिकायत सामने आई है। कुछ ग्रामीण रात्रि में चोरी-छिपे पहाड़ियों से पत्थर और गांव में बने मिट्टी के टीलों से मिट्टी का अवैध खनन कर ट्रैक्टरों में भरकर ले जा रहे हैं। वन विभाग को सूचना मिलने पर अधिकारियों ने भू-विज्ञान एवं खनन विभाग नूंह तथा हरियाणा स्टेट इंफोर्समेंट ब्यूरो नूंह को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है।

सुप्रीम कोर्ट के प्रतिबंध का भी उल्लंघन

सर्वोच्च न्यायालय ने हरियाणा के इस क्षेत्र में अरावली पहाड़ियों में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है। कई गांव एवं क्षेत्र सेक्शन 4 एवं 5 के तहत वन विभाग के अधीन आते हैं, जहां सभी प्रकार की खनन गतिविधियां प्रतिबंधित हैं। इसके बावजूद हिरवाड़ी गांव की पहाड़ियों एवं मिट्टी के टीलों में अवैध खनन हो रहा था।

निरीक्षण में मिले अवैध खनन के सबूत

वन विभाग को शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की गई। शुक्रवार को वन विभाग, भू-विज्ञान एवं खनन विभाग तथा हरियाणा स्टेट इंफोर्समेंट ब्यूरो की टीम ने हिरवाड़ी गांव की पहाड़ियों एवं टीलों का निरीक्षण किया, जहां अवैध खनन के प्रमाण मिले। मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला। मामले की जांच की जा रही है और जांच उपरांत दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

घाटा शमशाबाद में भी अवैध खोदाई की शिकायत

गांव घाटा शमशाबाद में भी मिट्टी के बड़े टीलों से अवैध खनन की शिकायत आई है। ग्रामीणों ने अवैध खोदाई रोकने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

टास्क फोर्स के बावजूद जारी अवैध गतिविधियां

उपायुक्त नूंह की अध्यक्षता में अवैध खनन रोकने के लिए टास्क फोर्स गठित है। सरपंचों को भी सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अवैध खनन चोरी-छिपे जारी है। विभागीय कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *