सब्सिडी चाहिए तो तुरंत निपटाएं यह काम, अब गैस एजेंसी के चक्कर काटने की जरूरत नहीं, जानें तरीका

नई दिल्ली। अगर आप भी रसोई गैस (LPG) का इस्तेमाल करते हैं और सरकारी सब्सिडी का लाभ उठा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सभी गैस उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (e-KYC) कराना अनिवार्य कर दिया है। यदि आपने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की, तो आपकी गैस सब्सिडी रुक सकती है और भविष्य में सिलेंडर बुक करने में भी परेशानी आ सकती है।

राहत की बात यह है कि अब ई-केवाईसी के लिए आपको अपनी गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं है। सरकार ने उपभोक्ताओं को घर बैठे अपने स्मार्टफोन के जरिए वेरिफिकेशन करने की सुविधा दी है। इसके लिए बस आपको अपनी गैस कंपनी (Indane, Bharat Gas या HP Gas) के आधिकारिक मोबाइल ऐप के साथ ‘Aadhaar FaceRD’ ऐप इंस्टॉल करना होगा। फेस स्कैनिंग तकनीक के जरिए आपकी पहचान तुरंत प्रमाणित हो जाएगी।

उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए सख्त नियम
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन लेने वाले ग्राहकों के लिए नियम थोड़े अधिक कड़े हैं। उन्हें हर नए वित्तीय वर्ष की पहली रिफिल (सिलेंडर भरवाने) से पहले बायोमेट्रिक ई-केवाईसी करवाना ही होगा। साल में एक बार यह प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है, अन्यथा उन्हें मिलने वाली सब्सिडी में बाधा आ सकती है।

कैसे करें घर बैठे वेरिफिकेशन?
सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से Aadhaar FaceRD ऐप और अपनी गैस कंपनी का ऐप (जैसे- IndianOil ONE) डाउनलोड करें।

गैस ऐप में जाकर ई-केवाईसी (e-KYC) विकल्प को चुनें।

कैमरे के सामने अपना चेहरा लाएं और फेस स्कैनिंग प्रक्रिया पूरी करें।

सक्सेसफुल वेरिफिकेशन के बाद आपका खाता सब्सिडी के लिए सुरक्षित हो जाएगा।

यदि किसी उपभोक्ता को ऐप इस्तेमाल करने में तकनीकी समस्या आती है, तो वे अपने स्थानीय वितरक के पास जाकर बायोमेट्रिक मशीन के जरिए भी यह काम करवा सकते हैं। इसके अलावा मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800 2333 555 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *