आईसीसी का बड़ा फैसला: पाकिस्तान की मांगें खारिज, बांग्लादेश को मिलता रहेगा वित्तीय हिस्सा

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 और द्विपक्षीय सीरीज को लेकर चल रहे विवादों के बीच अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। आईसीसी ने साफ किया है कि वर्तमान घटनाक्रमों के कारण बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को किसी भी तरह का वित्तीय नुकसान नहीं होगा और उसे आईसीसी रेवेन्यू में उसका निर्धारित हिस्सा मिलता रहेगा।

बांग्लादेश को मिल सकती है बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी

आईसीसी ने स्वीकार किया है कि पिछले साल महिला टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी छीनने से बांग्लादेश को नुकसान हुआ था। देश में अशांति के चलते उस टूर्नामेंट को दुबई शिफ्ट करना पड़ा था। इस क्षति की भरपाई के लिए आईसीसी अब बांग्लादेश को अगले चक्र में अंडर-19 वर्ल्ड कप जैसे किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी सौंपने पर विचार कर रहा है।

द्विपक्षीय सीरीज पर हस्तक्षेप से आईसीसी का इनकार

बैठक के दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश ने भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट खेलने और त्रिकोणीय सीरीज के आयोजन का प्रस्ताव रखा था। आईसीसी ने इन मांगों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि द्विपक्षीय सीरीज का आयोजन उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दौरान भी ऐसे मामलों में दखल नहीं देता है।

दौरे के लिए बाध्य नहीं कर सकता परिषद

बैठक में भारत के बांग्लादेश दौरे का मुद्दा भी उठा, जिस पर आईसीसी ने सख्त लहजे में कहा कि वह किसी भी सदस्य देश को दूसरे देश का दौरा करने के लिए मजबूर नहीं कर सकता। आईसीसी के अनुसार, ऐसे निर्णय पूरी तरह से संबंधित क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकारों के नीतिगत फैसलों पर निर्भर करते हैं।

पाकिस्तान ने 15 फरवरी के मैच पर मांगा समय

लाहौर में हुई मैराथन बैठक के बाद भी पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले पर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नक़वी ने कहा है कि इस संवेदनशील मुद्दे पर कोई भी अंतिम फैसला लेने से पहले वे प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से मशविरा करेंगे।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *