खंडवा। शहर के रविंद्र नगर गेट के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। अतिक्रमण कर घर के बाहर ओटला बनाकर रह रही महिला ने कार्रवाई का विरोध करते हुए नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ हंगामा कर दिया। एक घंटे तक चले विवाद के बाद नगर निगम ने अतिक्रमण हटा दिया, लेकिन कार्रवाई से पहले महिला और सिटी मजिस्ट्रेट के बीच तीखी बहस हुई। इस बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
महिला ने की कार्रवाई का विरोध
नगर निगम के अतिक्रमण हटाने के अमले के साथ ईई राधेश्याम उपाध्याय और सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे थे। जैसे ही निगम की जेसीबी ने ओटला तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की, महिला मशीन के सामने आ गई और कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा, “हम यहां साफ-सफाई करते हैं, तुम तोड़ के दिखाओ, बस, यहां जितने लोग हैं, सबको न फंसा दिया तो फिर बोलना?”
महिला और सिटी मजिस्ट्रेट के बीच तीखी बहस
महिला ने सिटी मजिस्ट्रेट को चुनौती देते हुए कहा, “मैं तुम्हारे खिलाफ उल्टा केस ठोकूंगी। पहले तुम मुझे अरेस्ट करो, टूटेगा तो पूरा टूटेगा, तुम लिखकर दो।” इसके बाद महिला ने सिटी मजिस्ट्रेट से सवाल किया, “क्या यहां से आगे किसी का ओटला नहीं बढ़ा है?”
सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह ने महिला को जवाब देते हुए कहा, “क्या तुम्हारी जगह हो गई? यह अतिक्रमण है और यह हटेगा।” इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को जेसीबी लगाने का आदेश दिया और अतिक्रमण तोड़ने का कार्य शुरू करवा दिया। इस बीच दोनों के बीच जमकर बहस हुई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और महिला और सिटी मजिस्ट्रेट के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे यह घटना और भी सुर्खियों में आ गई है।