धमतरी: विधवा बताकर महतारी वंदन योजना का लाभ लेने वाली महिला के खिलाफ पति ने कलेक्टर से एफआईआर की मांग की

धमतरी। धमतरी जिले में महतारी वंदन योजना के तहत विधवा बताकर लाभ प्राप्त करने वाली एक महिला के खिलाफ उसके पति ने कलेक्टर से एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोरर कांकेर में स्वास्थ्य कर्मचारी राजेंद्र सिन्हा ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत करते हुए आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी विगत 12-13 वर्षों से मायके में रह रही है तथा झूठे शपथ पत्र के आधार पर योजना का लाभ उठा रही है।

आवेदन के अनुसार, महतारी वंदन योजना के आवेदन फॉर्म तथा शपथ पत्र में परिवार के किसी सदस्य के शासकीय सेवा में होने के प्रश्न पर ‘राईट’ चिन्ह लगाकर गलत जानकारी दी गई है। साथ ही विधवा श्रेणी में पति के मृत्यु प्रमाण पत्र पर भी ‘राईट’ चिन्ह अंकित कर योजना का लाभ प्राप्त किया जा रहा है।

राजेंद्र सिन्हा ने बताया कि उनकी पत्नी एक ओर कुटुंब न्यायालय में पति को जीवित बताकर भरण-पोषण का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्वयं को विधवा बताकर न्यायालय तथा शासन को गुमराह कर रही है। उन्होंने आवेदन में कहा है कि झूठे शपथ पत्र तथा विरोधाभासी दस्तावेजों के आधार पर योजना का लाभ प्राप्त करना कपटपूर्ण आचरण है।

आवेदक ने कलेक्टर से मांग की है कि महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, झूठे शपथ पत्र तथा योजना के दुरुपयोग के संबंध में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

यह मामला महतारी वंदन योजना के दुरुपयोग तथा दस्तावेजों में गलत जानकारी देने के गंभीर आरोपों से जुड़ा है, जिसकी जांच के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *