नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में स्थित एक होटल में मंगलवार सुबह अचानक तेज विस्फोट हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में महाराष्ट्र से आए एक ही परिवार के चार पर्यटक घायल हो गए, जबकि होटल का एक कुक आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

यह घटना पचमढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिनेरिटी होटल में सुबह करीब 8:30 बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होटल में रखे एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिसके कारण होटल में ठहरे बुलढाना (महाराष्ट्र) निवासी परिवार के सदस्य घायल हो गए। हादसे के वक्त रसोई में मौजूद कुक भी आग की चपेट में आ गया।
धमाका इतना जबरदस्त था कि होटल से लगभग 20 मीटर दूर स्थित पांडव रिट्रीट तक इसका असर महसूस किया गया। विस्फोट के कारण होटल की इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि सिनेरिटी होटल किराये पर संचालित किया जा रहा था। होटल का स्वामित्व सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव शर्मा के पास है, जबकि इसका संचालन कांग्रेस नेता के भाई तुषार जायसवाल द्वारा किया जा रहा था। जांच के दौरान होटल से एक कमर्शियल गैस सिलेंडर भी बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।