रायपुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में नए साल 2026 के पहले दिन मंदिरों में आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। सुख-समृद्धि तथा मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंच रहे हैं।
बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में सुबह करीब 5 बजे से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। भक्त पूर्ण श्रद्धा भाव से माता के दर्शन कर रहे हैं। रायपुर के काली माता मंदिर, मां महामाया, मां बंजारी तथा राम मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी सुबह से भक्तों की भारी भीड़ है।
भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा के लिए मंदिर परिसरों में कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस तथा प्रशासन व्यवस्थाओं पर निरंतर नजर रखे हुए हैं।
इधर नए साल के जश्न के बीच बस्तर के पर्यटन स्थलों पर भी जबरदस्त रौनक है। विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट तथा तीरथगढ़ जलप्रपात सहित अन्य जलप्रपातों पर हजारों की संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि नववर्ष का उत्सव सुरक्षित तथा शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सके।