खौफनाक मंजर : बीच सड़क पर खुद को लहूलुहान कर युवक ने दी जान, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात…

धार। मध्यप्रदेश के धार शहर स्थित आनंद चौपाटी पर आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का रक्तरंजित और निर्वस्त्र शव बीच सड़क पर पड़ा मिला। सुबह-सुबह साफ-सफाई के लिए निकले नगर पालिका कर्मचारी की नजर जैसे ही इस मंजर पर पड़ी, उसने तुरंत पुलिस को इत्तला दी। सूचना मिलते ही सीएसपी सुजावल जग्गा, कोतवाली थाना प्रभारी दीपक चौहान और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची।

आत्मघाती कदम का हैरान करने वाला वीडियो

पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की, तो रोंगटे खड़े कर देने वाली हकीकत सामने आई। फुटेज में मृतक युवक, जिसकी पहचान कुणाल जोशी के रूप में हुई है, खुद पर ही धारदार हथियार से हमला कर आत्मघाती कदम उठाते नजर आ रहा है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कुणाल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था और उसे नशे की भी लत थी।

भीड़ रही तमाशबीन, संवेदनशीलता ने तोड़ा दम

इस घटना ने समाज की संवेदनशीलता पर भी गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज में यह भी देखा गया कि जब कुणाल खुद को लहूलुहान कर रहा था, उस दौरान वहां से कई लोग गुजरे। अगर समय रहते कोई राहगीर पुलिस को सूचना दे देता या उसे अस्पताल पहुँचाने की कोशिश करता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। अफसोस की बात यह रही कि लोग वहां से गुजरते रहे, लेकिन किसी ने भी रुककर मदद करना जरूरी नहीं समझा।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *