सरगुजा। राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर बुधवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा किसान मोर्चा बतौली के मंडल अध्यक्ष कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव और उनके साथी राजू सिंह का निधन हो गया। शांतिपारा पुलिया के पास दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि 32 वर्षीय कमला प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल राजू सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों की अनुपलब्धता के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार नहीं मिल सका। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान रात करीब 12 बजे उनकी भी मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।