झारसुगुड़ा। ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की जान चली गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर सदर पुलिस स्टेशन के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर और पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम नियमित पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने पुलिस वाहन को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पेट्रोलिंग गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को मलबे से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों ने पांच जवानों की मौत की पुष्टि की है। अस्पताल में भर्ती तीन घायल पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका उपचार जारी है। इस घटना के बाद से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है। एहतियात के तौर पर घटना स्थल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।