महाराष्ट्र के गढ़चिरोली में भीषण सड़क हादसा: शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो और बस की टक्कर, 6 की मौत

गढ़चिरोली: महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में चामोरशी रोड पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई है। शादी समारोह से लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो कार और सामने से आ रही एक यात्री बस के बीच हुई इस भीषण भिड़ंत में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा तलोधी (मोकासा) गांव के पास एक खतरनाक मोड़ पर हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन में कुल 16 यात्री सवार थे। यह सभी लोग एक शादी समारोह संपन्न होने के बाद रामपुर से भदभिड़ी मोकासा की ओर जा रहे थे। गढ़चिरोली-चामोरशी मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बस ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और कई लोग वाहन के भीतर ही फंस गए।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और तुरंत गढ़चिरोली स्थित जिला सामान्य अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही दो लोगों ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में भर्ती कराए गए कुछ घायलों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

मैदानी सूत्रों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ पर नियंत्रण खोने की वजह से यह टक्कर हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *