Bhopal Crime News : भोपाल। राजधानी के पिपलानी इलाके से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पत्नी ने अपने ही पति पर सोते समय जानलेवा हमला कर दिया। शादी डॉट कॉम के जरिए शुरू हुई यह प्रेम कहानी महज कुछ महीनों में ही खूनी संघर्ष में बदल गई। घटना का डरावना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पत्नी हाथ में ब्लेड लेकर सो रहे पति पर हमला करते दिख रही है।
शादी के बाद से ही विवाद और वसूली का आरोप गोपाल नगर निवासी ललित राजपूत (30), जो पुणे की एक आईटी कंपनी में कार्यरत है, उसकी पहचान शाजापुर जिला अस्पताल में पदस्थ नर्स देनंदनी तोमर से मेट्रोमोनियल साइट पर हुई थी। दोनों ने 17 मई 2025 को सीहोर के आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। ललित का आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी उसे प्रताड़ित कर रही थी और उससे लाखों रुपये ऐंठ चुकी थी।
होटल के कमरे में रची गई साजिश 7 मार्च को देनंदनी पति से मिलने आनंद नगर पहुंची थी, जहाँ ललित ने उसे होटल कोमल पैलेस के कमरा नंबर 203 में रुकवाया था। रात में खाने की बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो पूरी रात चलती रही। सुबह करीब 7 बजे जब ललित गहरी नींद में था, तब देनंदनी ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
सीने पर बैठकर वार, बाथरूम तक किया पीछा पीड़ित के मुताबिक, जब उसकी नींद खुली तो पत्नी उसके सीने पर बैठी थी और हाथ में ब्लेड थी। उसने ललित की कलाई और पेट पर वार किए। जान बचाने के लिए ललित जब बाथरूम की तरफ भागा, तो आरोपी पत्नी ने उसके सिर पर कांच का गिलास फोड़ दिया और चिल्लाते हुए कहा, “कब तक बचेगा, आज तुझे जान से खत्म कर दूंगी।”
अस्पताल पहुंचकर बहन को भी दी धमकी हमले के बाद घायल ललित को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां भी पत्नी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह अस्पताल पहुंची और ललित की बहन को भी जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल पिपलानी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।