जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में खोली गई दान पेटियों से आस्था के साथ उम्मीदों की तस्वीर भी सामने आई है। मंदिर की नौ दान पेटियों से करीब 19 लाख रुपये नकद प्राप्त हुए हैं। इन पैसों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की चिट्ठियां भी मिलीं, जिनमें उन्होंने अपनी परेशानियों और मनोकामनाओं को माता तक पहुंचाया है।
इन पत्रों में किसी ने नौकरी पाने की प्रार्थना की तो किसी ने परीक्षा में सफलता की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने बीमार परिजनों के स्वस्थ होने की मन्नत मांगी, वहीं कुछ ने अपने प्रेम जीवन को लेकर माता से आशीर्वाद की गुहार लगाई।
एक युवती ने पत्र में लिखा कि उसने नौकरी के लिए आवेदन किया है और आने वाली परीक्षा में सफलता दिलाने की प्रार्थना की है। साथ ही उसने अपने प्रेम संबंध का उल्लेख करते हुए परिवार की सहमति से विवाह की कामना भी जताई।
एक अन्य पत्र में एक परिवार की आर्थिक परेशानियों का जिक्र करते हुए रोजगार और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से राहत मांगी गई है। पत्र में लिखा गया कि घर में एक ही व्यक्ति कमाने वाला है और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर है।
वहीं एक श्रद्धालु ने भावुक शब्दों में अपने बिछड़े प्रेम को वापस पाने की इच्छा जताई और माता से जीवनभर साथ निभाने का आशीर्वाद मांगा।
दान पेटियों से मिली ये चिट्ठियां बताती हैं कि मां दंतेश्वरी का दरबार केवल पूजा का स्थल नहीं, बल्कि लोगों की उम्मीदों और विश्वास का केंद्र है। श्रद्धालु यहां अपनी पीड़ा, सपने और आस्था लेकर पहुंचते हैं और माता से समाधान की आस रखते हैं।