रायपुर: राजधानी रायपुर के गुढियारी स्थित दहीहांडी मैदान में रविवार को एक विशेष घर वापसी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी नरेंद्राचार्य महाराज के सानिध्य में 250 से अधिक परिवारों ने अपने मूल धर्म में वापसी की।

कार्यक्रम में भाजपा नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव और सच्चिदानंद उपासने भी मौजूद रहे। प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने घर वापसी कर रहे परिवारों के पैर धोकर उनका स्वागत किया।
घर वापसी करने वाले परिवारों ने बताया कि उन्हें पहले बरगलाकर धर्म परिवर्तन कराया गया था। उन्हें बताया गया था कि नए धर्म से उनके जीवन में सुधार होगा, लेकिन बाद में उन्हें उस धर्म में शांति नहीं मिली और उन्होंने अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया।
स्वामी नरेंद्राचार्य ने कहा कि अब तक उन्होंने देशभर में लगभग 1 लाख 53 हजार परिवारों की घर वापसी करवाई है। उन्होंने धर्मांतरण को गलत बताया और सरकार से इस पर सख्त कानून बनाने की मांग की।
स्वामी जी ने यह भी कहा कि कई स्कूलों में प्रभु ईसू के बारे में पढ़ाया जाता है, जिससे अप्रत्यक्ष रूप से धर्मांतरण को बढ़ावा मिलता है।