रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ जारी अभियान को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाल आतंक अब अपने अंत के करीब है और सरकार मार्च 2026 तक पूरे राज्य से नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
गृहमंत्री ने सुरक्षा बलों की उपलब्धियां साझा करते हुए बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक 532 नक्सली मारे गए हैं, जबकि 2004 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर खुशी जताई कि अब सरेंडर करने वाले नक्सलियों की संख्या गिरफ्तार होने वालों से अधिक हो गई है। आंकड़ों के अनुसार, अब तक 2700 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के पास से एके-47, एसएलआर और इंसास जैसी अत्याधुनिक राइफलों सहित 1100 से अधिक हथियार बरामद किए हैं। विजय शर्मा ने कहा कि यह सफलता सरकार की सटीक रणनीति और जवानों के साहस का परिणाम है।
बस्तर में शांति बहाली के बाद की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए गृहमंत्री ने स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 2500 बस्तर फाइटर्स की भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स में 1000 पद, स्टेट इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स में 500 पद और जेल विभाग में 100 पदों पर भर्तियां निकाली जाएंगी। सरकार का मानना है कि इन कदमों से क्षेत्र में विकास और शांति को और मजबूती मिलेगी।