नगर पालिका परिषद भाटापारा में धूमधाम से मनाया गया होली मिलन समारोह

नगाड़ों की थाप पर थिरके जनप्रतिनिधि, कोशलपुर की मंडली ने बांधा समां

राजकुमार मल

भाटापारा- नगर पालिका परिषद भाटापारा के प्रांगण में आज हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ ‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में परिषद के पार्षदों और सभापतियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक उत्साह
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ग्राम कोशलपुर (कोलिहा) से आई पारंपरिक नगाड़ा मंडली रही। मंडली द्वारा प्रस्तुत नगाड़ों की गूँज और पारंपरिक धुनों ने पूरे वातावरण को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया। नगाड़ों की थाप पर अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा सहित उपस्थित पार्षदों और सभापतियों ने उत्साहपूर्वक नृत्य कर होली की खुशियाँ बांटी।
स्वल्पाहार का आयोजन
नगर पालिका प्रशासन द्वारा कार्यक्रम में सम्मिलित सभी अतिथियों, कोशलपुर की मंडली के सदस्यों और कर्मचारियों के लिए स्वल्पाहार की विशेष व्यवस्था की गई थी। सभी ने साथ मिलकर जलपान किया और मधुर स्मृतियों के साथ एक-दूसरे को बधाई दी।
इस आयोजन में नगर पालिका के विभिन्न वार्डों के पार्षद, विभागीय सभापति, अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की भावपूर्ण अपील”
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि
“होली का पर्व प्रेम, सद्भाव और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। मैं समस्त भाटापारा वासियों से अपील करता हूँ कि इस त्यौहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाएं। रंगों के इस उत्सव में आपसी मतभेदों को भुलाकर भाईचारे को बढ़ावा दें और जल संरक्षण का ध्यान रखते हुए सूखी होली को प्राथमिकता दें। नगर की स्वच्छता और गरिमा बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *