रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर समाज की मुख्य धारा में शामिल हुए 120 पूर्व नक्सलियों ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचकर सदन की कार्यवाही का अवलोकन किया। इस विशेष अवसर पर विधानसभा की आसंदी की ओर से समाज की मुख्य धारा में लौटने के लिए इन सभी का अभिनंदन कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
विधानसभा पहुंचने वाले समर्पित नक्सलियों में 66 पुरुष और 54 महिलाएं शामिल थीं। इनमें सेंट्रल कमेटी के छह पूर्व सदस्य रूपेश, बसवा, चैतू, ललिता और राजू भी शामिल थे। सदन की कार्यवाही के दौरान सामान्य सदस्यों ने दर्शक दीर्घा में बैठकर विधायी कामकाज देखा, वहीं सेंट्रल कमेटी में नेतृत्वकारी भूमिका निभा चुके पूर्व नक्सलियों ने अध्यक्षीय दीर्घा से कार्यवाही का अवलोकन किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसे छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि आज का दिन प्रदेश के इतिहास में दर्ज हो गया है। लोकतंत्र की इस सर्वोच्च संस्था में पुनर्वास करने वाले पूर्व नक्सलियों का स्वागत और अभिनंदन है। सरकार की पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई दे रहे हैं।