छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की ऐतिहासिक उपलब्धि: एक साल में 1022 करोड़ की संपत्तियां बेचकर बनाया रिकॉर्ड

रमेश गुप्ता : रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल (CGHB) ने राज्य में आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों के विक्रय के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मंडल द्वारा जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 की एक वर्ष की अवधि में लगभग 4689 संपत्तियों का विक्रय किया गया है, जिसका कुल मूल्य 1022 करोड़ रुपये से अधिक है। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के गठन से लेकर अब तक के इतिहास में सर्वाधिक वार्षिक विक्रय है।

सुशासन और कुशल नेतृत्व का परिणाम
माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के सुशासन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव के नेतृत्व में हाउसिंग बोर्ड द्वारा राज्य में किफायती, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। मंडल अपने गठन के बाद से ही समाज के कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों को प्राथमिकता देता आ रहा है। अब तक निर्मित कुल आवासों में से लगभग 70 प्रतिशत आवास इसी वर्ग के लिए बनाए गए हैं।

बीते 5 वर्षों की तुलना में बड़ी छलांग
विगत पाँच वर्षों में हाउसिंग बोर्ड द्वारा औसतन 1387 संपत्तियों का प्रतिवर्ष विक्रय किया गया, जिसका औसत मूल्य लगभग 262 करोड़ रुपये रहा है। किन्तु वर्ष 2025 में 4689 संपत्तियों का विक्रय (मूल्य 1022 करोड़ रुपये) किया जाना मंडल की कार्यप्रणाली में आए सुधारों, नीतिगत सरलीकरण तथा हितग्राहियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। यह मंडल के इतिहास में पहली बार हुआ है।

OTS योजना और आवास मेले से मिला लाभ
विगत एक वर्ष के दौरान शासन द्वारा स्वीकृत OTS-2 (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को 30 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की गई, जिसके फलस्वरूप लगभग 1452 संपत्तियों का विक्रय हुआ, जिसका मूल्य 220.16 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के निर्देश पर 23 से 26 नवंबर तक रायपुर के BTI ग्राउंड में आयोजित ‘राज्य स्तरीय आवास मेला 2025’ मील का पत्थर साबित हुआ। इस मेले के दौरान 26 जिलों में 2080 करोड़ रुपये की 56 नई योजनाओं का शुभारंभ किया गया और मौके पर ही 305 करोड़ रुपये की संपत्तियां बेची गईं।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने दी बधाई
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय: “1022 करोड़ की संपत्तियों का विक्रय सरकार की जनहितैषी नीतियों और लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। हमारा उद्देश्य हर नागरिक को सम्मानजनक आवास देना है। मैं मंत्री ओ.पी. चौधरी, अध्यक्ष अनुराग सिंह देव और पूरी टीम को बधाई देता हूँ।”

आवास मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी: “यह ऐतिहासिक उपलब्धि मुख्यमंत्री जी की जनकल्याणकारी सोच और टीम के परिश्रम का प्रतिफल है। हमारा लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक को सुव्यवस्थित एवं सुलभ आवास उपलब्ध कराना है।”

अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव: “यह उपलब्धि नई सोच, पारदर्शिता और जनहित को केंद्र में रखकर कार्य करने का परिणाम है। मंडल भविष्य में भी आवासहीनों के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।”

इस उल्लेखनीय उपलब्धि से स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल राज्य में आवास क्रांति की दिशा में सशक्त भूमिका निभाते हुए आम नागरिकों को लाभ पहुँचा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *