ढाका। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। नरसिंहदी जिले में एक और दिल दहला देने वाली वारदात में 23 वर्षीय हिंदू युवक चंचल चंद्र भौमिक को जिंदा जला दिया गया। इस घटना से स्थानीय हिंदू समुदाय में आक्रोश और भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात नरसिंहदी शहर के पुलिस लाइंस इलाके में स्थित खानाबाड़ी मस्जिद मार्केट के एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में हुई। चंचल कुमिला जिले के बरुड़ा उपजिला के लक्ष्मीपुर गांव के निवासी थे और उसी वर्कशॉप में मिस्त्री के रूप में काम करते थे। काम खत्म होने के बाद वे थकान के चलते रात में वहीं सो गए थे।
बताया गया है कि अज्ञात हमलावरों ने शटर के नीचे से आग लगा दी। गैरेज में पेट्रोल, मोबिल ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई और चंचल बाहर नहीं निकल सके। दम घुटने और जलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध लोगों के आग लगाते हुए फुटेज भी सामने आए हैं।
नरसिंहदी सदर मॉडल थाना प्रभारी ए आर एम अल मामून ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
यह घटना हाल के दिनों में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हुए हमलों की श्रृंखला में एक और मामला मानी जा रही है, जिससे अल्पसंख्यकों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।