Bhopal News : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश इलाके एमपी नगर में रविवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। क्षेत्र के ‘ड्रैगन हॉर्स क्लब’ के बाहर चार युवतियों के बीच सड़क पर जबरदस्त हाथापाई और मारपीट हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि नशे में धुत ये युवतियां देर रात करीब 2.30 बजे क्लब से बाहर निकलीं और किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गईं।
नशे में धुत होकर बीच सड़क पर मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, एमपी नगर जोन-2 स्थित इस क्लब में देर रात तक शराब पार्टी चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट में शामिल चारों युवतियां पूरी तरह नशे में थीं। क्लब के बाहर निकलते ही उनके बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। युवतियों ने एक-दूसरे के बाल खींचे और जमकर लात-घूंसे चलाए। इस दौरान वहां मौजूद किसी राहगीर ने इस पूरे ड्रामे को मोबाइल में कैद कर लिया।
एक युवती अस्पताल में भर्ती
इस हंगामे और मारपीट में एक युवती को गंभीर चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस की गश्त और रात में क्लबों के संचालन के नियमों पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रातभर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और देर रात तक क्लबों में पार्टियों का दौर चलता रहता है।
पुलिस जांच में जुटी
वीडियो वायरल होने के बाद एमपी नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और नियमों के खिलाफ देर रात तक क्लब का संचालन कैसे हो रहा था। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की नाइट लाइफ और सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।