( हिंगोरा सिंह )
अंबिकापुर , सरगुजा : शहर में सोमवार का दिन हादसों के नाम रहा ।
जहां तेज रफ्तार का कहर सड़कों पर साफ नजर आया।
गांधीनगर थाना क्षेत्र में पी.जी. कॉलेज के सामने एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने मौके में तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया
जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं, मृतक और घायलों की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही गांधी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।