बिलासपुर। शहर के नेहरू नगर में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के दफ्तर में चल रहे हाईप्रोफाइल जुआ फड़ पर पुलिस ने बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। शनिवार रात एसीसीयू (ACCU) की टीम ने जनता कंस्ट्रक्शन के ऑफिस में दबिश देकर शहर के 9 रसूखदार जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में बड़े बिल्डर और प्रॉपर्टी डीलर शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से 84,400 रुपये नकद और 13 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसके अलावा दफ्तर के बाहर खड़ी लग्जरी गाड़ियां, जिनमें बीएमडब्ल्यू (BMW), थार और क्रेटा शामिल हैं, उन्हें भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। जब्त किए गए सामान और वाहनों की कुल कीमत लगभग 45.84 लाख रुपये आंकी गई है।
एसीसीयू को सूचना मिली थी कि कंस्ट्रक्शन कंपनी के दफ्तर की आड़ में रसूखदार लोग जुए की महफिल सजा रहे हैं। घेराबंदी कर की गई इस कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने पकड़े गए सभी 9 आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।