मुंगेली जिले के लोरमी स्थित ममतामयी मिनीमाता महाविद्यालय में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय की उड़नदस्ता टीम ने छापामार कार्रवाई कर बड़े पैमाने पर हाईटेक नकल पकड़ी है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. तारणिश गौतम और परीक्षा नियंत्रक रामेश्वर राठौर के नेतृत्व में की गई जांच में 10 परीक्षार्थियों को मोबाइल और ब्लूटूथ से नकल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं। परीक्षा कक्ष में ड्यूटी कर रहा पर्यवेक्षक कॉलेज स्टाफ के बजाय बाहरी व्यक्ति पाया गया और केंद्राध्यक्ष मौके से नदारद थे। गौरतलब है कि यह महाविद्यालय मात्र चार कमरों के किराए के भवन में संचालित हो रहा है, जहां प्रयोगशाला और बाउंड्री वॉल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
विश्वविद्यालय की कार्रवाई और नया परीक्षा केंद्र
अनियमितताओं और सामूहिक नकल की पुष्टि होने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से ममतामयी मिनीमाता महाविद्यालय का परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया है। अब इस कॉलेज के 213 परीक्षार्थी शासकीय राजीव गांधी महाविद्यालय लोरमी में अपनी आगामी परीक्षाएं देंगे। विश्वविद्यालय ने संबंधित महाविद्यालय प्रबंधन से सात बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा है। इससे पहले वर्ष 2019 में भी इस केंद्र पर सामूहिक नकल का मामला सामने आने के बाद केंद्र निरस्त किया गया था।
