हेरोईन तस्करी का भंडाफोड़: पंजाब से जुड़ा अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, 4 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18.69 लाख की हेरोईन बरामद, किराये के मकान से चल रहा था अवैध कारोबार

रमेश गुप्ता भिलाई । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना जामुल पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय हेरोईन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 91.9 ग्राम हेरोईन (चिट्टा) बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 18.69 लाख रुपये बताई जा रही है।


पत्रकार वार्ता में एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर एवं सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा ने बताया कि 10 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड भिलाई क्षेत्र के एक किराये के मकान में हेरोईन रखकर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए पते पर घेराबंदी कर रेड की। सीएसपी ने बताया कि उन लोगों की भी खोज की जा रही है जो इन से नशे का सामान खरीदते थेl
रेड के दौरान मौके से चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया। तलाशी में उनके पास से 91.9 ग्राम हेरोईन और ₹31,000 नगद बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मादक पदार्थ को पंजाब के अमृतसर से लाकर भिलाई में बिक्री की तैयारी कर रहे थे।


अंतरराज्यीय नेटवर्क की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संगठित तरीके से किराये का मकान लेकर अवैध कारोबार संचालित कर रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है, जिससे और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
गिरफ्तार आरोपी:
राजविन्दर कौर (19 वर्ष), जिला अमृतसर, पंजाब
राजवीर सिंह (32 वर्ष), जिला अमृतसर, पंजाब
कुलदीप सिंह (39 वर्ष), जिला अमृतसर, पंजाब
लवप्रीत सिंह (22 वर्ष), जिला अमृतसर, पंजाब
जप्त सामग्री:
91.9 ग्राम हेरोईन (कीमत लगभग ₹18,69,000)
नगद ₹31,000
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में थाना जामुल पुलिस और एसीसीयू टीम की तत्परता और समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। त्वरित सूचना पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए टीम ने एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *