नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में आज भी भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। गुरुग्राम में मंगलवार को स्कूलों और दफ्तरों को ऑनलाइन मोड में चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर मंगलवार सुबह खतरे के निशान को पार कर गया। दिल्ली के पुराने रेलवे ब्रिज पर आज सुबह 9 बजे यमुना नदी का जलस्तर बढ़कर 205.81 मीटर हो गया और यह लगातार बढ़ रहा है।
यहां खतरे का निशान 205.33 मीटर पर है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में सोमवार को हुई जबरदस्त बारिश और हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में ऊफान पर आ गई है। वहीं, सरकार ने निचले इलाके में रहने वाले लोगों को घर खाली करने की चेतावनी जारी कर दी है।
गुरुग्राम में कल बारिश के चलते सड़कों पर हुए जलभराव के बाद कई किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला। वहीं, नोएडा, गाजिाबाद और फरीदाबाद भी बारिश और जलभराव से बेहाल नजर आए।
दिल्ली में यमुना नदी के उफान पर होने के कारण ओखला बैराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं। एक अधिकारी ने कहा कि इस बीच, मंगलवार सुबह दिल्ली के पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना नदी का जल स्तर बढ़कर 205.80 मीटर हो गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया है। नदी में बढ़ते जलस्तर से शहर के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।