कांकेर। नेशनल हाईवे-30 आज तड़के दहल उठा। चारामा थाना इलाके के ग्राम रतेसरा के पास सुबह करीब 3 बजे दो तेज रफ्तार ट्रकों के बीच आमने-सामने की ऐसी टक्कर हुई कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में ट्रकों में सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए और वे मलबे के ढेर में तब्दील हो गए।
इस हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की कई किलोमीटर लंबी लाइन लग गई, जिससे मुसाफिरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही चारामा पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल जेसीबी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से किनारे हटाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है, ताकि जाम खुलवाया जा सके।
हैरानी की बात यह है कि इसी जगह पर दो दिन पहले भी एक कार की चपेट में आने से एक युवक की जान जा चुकी है। रतेसरा के पास लगातार हो रहे इन हादसों ने अब सड़क सुरक्षा और प्रशासन के इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मृतकों के शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।