रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड की विदाई के बाद अब गर्मी अपने तेवर दिखाने को तैयार है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। शुक्रवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 35.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर 11.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर दिखने लगा है, जहां अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में सक्रिय है, जिसके प्रभाव से 28 फरवरी को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। विभाग का अनुमान है कि अगले छह दिनों के भीतर दिन के तापमान में क्रमिक रूप से चार डिग्री तक की वृद्धि होगी। रात के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी का दौर जारी रह सकता है।
शनिवार को रायपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है। शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।