रूह कंपा देने वाली वारदात: 10 माह की मासूम के मुंह-नाक में रुई ठूंसकर मां ने लगाई फांसी

Guna Suicide Case : गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। कैंट थाना क्षेत्र के नानाखेड़ी गांव में एक 26 वर्षीय महिला ने घरेलू कलह के चलते आत्मघाती कदम उठा लिया। महिला ने खुदकुशी करने से पहले अपनी महज 10 महीने की दुधमुंही बच्ची के मुंह और नाक में रुई ठूंस दी, ताकि उसकी आवाज बाहर न जा सके। इसके बाद महिला ने फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

मृतिका की पहचान कीर्ति कुशवाह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर के बाकी सदस्य काम पर गए हुए थे। जब परिजन वापस लौटे, तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। मां और बच्ची दोनों बेसुध हालत में मिले। आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कीर्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मासूम बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

बिजली बिल और घरेलू कलह बनी वजह!

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि घर में पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। विवाद का एक मुख्य कारण एक लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बताया जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच भारी-भरकम बिल और आर्थिक तंगी को लेकर घर में लगातार तनाव का माहौल था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच बहस भी हुई थी।

मायके पक्ष ने लगाया हत्या और प्रताड़ना का आरोप

घटना के बाद मृतिका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप मढ़े हैं। परिजनों का कहना है कि कीर्ति को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या के बजाय हत्या और प्रताड़ना का मामला बताया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *