दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक खबर सामने आई है। यहाँ नोहटा थाना क्षेत्र में एक 9 महीने की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात हुई है। घर में बच्ची को अकेला पाकर पड़ोस के ही एक युवक ने इस घिनौनी घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बच्ची का इलाज जिला अस्पताल में विशेषज्ञों की टीम द्वारा किया जा रहा है।
अकेली पाकर मासूम पर टूटा दरिंदा घटना उस वक्त हुई जब बच्ची के परिजन घर के कामों में व्यस्त थे और मासूम बिस्तर पर अकेली थी। परिजनों के मुताबिक, इसी मौके का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने घर में घुसकर बच्ची के साथ हैवानियत की। जब परिजनों को घटना का पता चला, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वे तुरंत खून से लथपथ मासूम को लेकर नोहटा थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
मेडिकल टेस्ट में हुई पुष्टि, आरोपी गिरफ्तार मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। रात में ही डॉक्टरों की टीम ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण किया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर उसे तत्काल घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
डॉक्टरों की निगरानी में मासूम जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल और डॉ. सीमा सहित विशेषज्ञों की एक पूरी टीम बच्ची के इलाज में जुटी हुई है। हालांकि बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन इतनी कम उम्र में हुई इस दरिंदगी ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।