जशपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुली, एंबुलेंस न मिलने पर बुजुर्ग महिला को ठेले पर लादकर ले गए अस्पताल

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जरूरत के समय सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण एक 70 वर्षीय बीमार बुजुर्ग महिला को ठेले पर लादकर जिला अस्पताल ले जाना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पुरानीटोली निवासी रजनी होता की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। परिजनों और स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस सहायता के लिए फोन किया, लेकिन काफी समय तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। महिला की हालत गंभीर होती देख स्थानीय लोगों ने मजबूरी में चाट के एक ठेले का इंतजाम किया और बुजुर्ग महिला को उसी पर लिटाकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

इस मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीएस जात्रा ने सफाई देते हुए कहा कि कलेक्टर से सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस भेजी गई थी, लेकिन एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीण मरीज को लेकर अस्पताल पहुंच चुके थे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में महिला का इलाज जारी है और उसकी स्थिति में सुधार है। हालांकि, इस घटना ने आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर सवालिया निशान लगा दिया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *