तीन सवारी, नशे में ड्राइविंग और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध
3, 4 और 5 मार्च को विशेष चेकिंग अभियान
रमेश गुप्ता दुर्ग। होली पर्व के मद्देनज़र दुर्ग पुलिस द्वारा जिले भर में 3, 4 एवं 5 मार्च को विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की खुशियों को किसी भी हालत में लापरवाही की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात नियमों के तहत दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसी प्रकार शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। इसके अलावा नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर भी पूर्ण प्रतिबंध है। ऐसे मामलों में वाहन मालिक के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, हाईवे एवं संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर चेकिंग की जाएगी। ब्रेथ एनालाइजर से जांच, दस्तावेजों की जांच एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
नियमों के उल्लंघन पर होगी यह कार्रवाई:
मौके पर ही चालानी कार्रवाई
वाहन की तत्काल जप्ती
प्रकरण दर्ज कर न्यायालयीन कार्यवाही
गंभीर मामलों में जेल भेजने की प्रक्रिया
पुलिस ने आम नागरिकों, अभिभावकों और युवाओं से अपील की है कि होली के उत्साह में कानून हाथ में न लें। यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है—
“होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, इसे अदालत की तारीख या दुर्घटना में न बदलें।”
जिला पुलिस ने यह भी कहा है कि अभियान का उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, न कि अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई। अतः सभी नागरिक सहयोग करें और सुरक्षित होली मनाएं।