Sagar MP News Hindi : सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। उपनगरीय क्षेत्र मकरोनिया में हनुमान जयंती के पावन पर्व पर निकाली जा रही भव्य शोभायात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। डीजे की रस्सी अचानक टूटने से उसका भारी-भरकम हिस्सा नाच रहे श्रद्धालुओं पर जा गिरा। इस दर्दनाक घटना में एक 14 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, मकरोनिया स्थित हनुमान मंदिर से प्रतिवर्षानुसार इस बार भी विशाल चल समारोह निकाला जा रहा था। गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर भक्त झूमते हुए भगवान हनुमान की पालकी लेकर राम दरबार की ओर बढ़ रहे थे। शोभायात्रा जैसे ही होटल पैराडाइज के पास पहुंची, तभी डीजे को बांधकर रखी गई रस्सियां अचानक जवाब दे गईं। पलक झपकते ही डीजे का आधा हिस्सा अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए।
हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं और अन्य भक्तों ने तुरंत मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला और निजी अस्पताल पहुंचाया। दुर्भाग्यवश, श्रीनगर (वार्ड क्रमांक 2) निवासी 14 वर्षीय आर्यन कोरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।