GST सुधार से ‘घर चलाना और घर बनाना आसान’, आम आदमी को मिलेगी लाखों की बचत : बीजेपी प्रवक्ता

रायपुर। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए जीएसटी सुधार को लेकर बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के इस फैसले से आम आदमी से लेकर व्यापारी वर्ग तक सभी को बड़ा फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह कदम देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा और उपभोक्ता को प्रत्यक्ष रूप से राहत पहुंचाएगा।

चिमनानी ने बताया कि जीएसटी सुधार से सबसे बड़ा फायदा आम उपभोक्ताओं को होगा। पहले जहां घर बनाने की लागत लगातार बढ़ रही थी, वहीं अब इसमें कमी आएगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सीमेंट की कीमतों में ही 10 प्रतिशत की कमी आ चुकी है। इससे घर निर्माण में लाखों रुपए की सीधी बचत होगी। इसके साथ ही रोजमर्रा की जरूरतों के सामान, रसोई से जुड़े उत्पाद, कपड़े, जूते-चप्पल और इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट्स भी अब सस्ते होंगे।

उन्होंने कहा कि औसतन हर परिवार साल भर में खाने-पीने और अन्य जरूरी सामानों पर करीब 1 लाख रुपए खर्च करता है। नई टैक्स दरों से इस खर्च में बड़ी राहत मिलेगी। इतना ही नहीं, शिक्षा से जुड़े सामान, खेती के उपकरण, स्वास्थ्य सेवाएं, स्पेयर पार्ट्स, जिम और सैलून जैसी सेवाएं भी सस्ती होंगी। इससे लोगों का बजट संतुलित होगा और खपत में इजाफा देखने को मिलेगा।

व्यापार जगत को लेकर चिमनानी ने कहा कि पहले जीएसटी पंजीयन की प्रक्रिया में समय और जटिलता सबसे बड़ी चुनौती थी, लेकिन अब रजिस्ट्रेशन केवल 3 दिन में मिल जाएगा। इससे कारोबारियों की दिक्कतें कम होंगी और वे अधिक उत्साह के साथ व्यापार कर सकेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस सुधार से देशभर में खपत लगभग 6 लाख करोड़ तक बढ़ने का अनुमान है।

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि खपत और निवेश दोनों बढ़ने से भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उत्पादन बढ़ेगा, नए उद्योग खड़े होंगे और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने इसे देश के विकास और GDP ग्रोथ के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि मोदी सरकार का यह निर्णय आम जनता के जीवनस्तर को बेहतर बनाएगा और देश को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *