लुन्ड्रा। थाना लुन्ड्रा पुलिस टीम ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में आरोपी नाती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने जमीन के विवाद में अपनी सगी नानी पर ईंट से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाजरब (हथियार) और खून से सना टी-शर्ट भी बरामद कर लिया है।
जमीन के हिस्से को लेकर हुआ था विवाद पुलिस के अनुसार, प्रार्थी किशुन केरकेट्टा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 जनवरी 2026 को जब वह अंबिकापुर गया था, तब उसे फोन पर सूचना मिली कि उसकी फुआ (बुआ) सुंदरिया बाई की मृत्यु हो गई है। जब वह ग्राम राता परसापारा पहुंचा, तो पता चला कि मृतका के नाती बाबूलाल किंडो ने ही अपनी नानी की हत्या की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नानी अक्सर कहती थी कि वह जमीन बड़े भाई को देगी, उसे नहीं। इसी बात से आवेश में आकर उसने अपनी नानी के सिर पर ईंट और घर के कोने में रखी पेटी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बिछाया जाल, आरोपी सलाखों के पीछे प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लुन्ड्रा में अपराध क्रमांक 22/26, धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी बाबूलाल किंडो (22 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना के समय पहना गया टी-शर्ट और हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट जप्त कर ली है।
इनकी रही मुख्य भूमिका इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, महिला आरक्षक प्रेमा मरावी, आरक्षक राजकुमार यादव, इबनुल खान और सतीश कुमार की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।