रायपुर। प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई में चौदहवीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025–26 का आज उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ खेल और संस्कृति के सुंदर संगम के रूप में देखने को मिला।
यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 24 से 27 फरवरी तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर की पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 30 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में लगभग 450 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खास बात यह है कि 10 राज्यों के 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी—जो ओलंपिक, वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स और साउथ एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं भी इस आयोजन का हिस्सा हैं। इनमें अर्जुन पुरस्कार विजेता असम के डीएसपी जनता तालुकार और राजस्थान के डीएसपी रजत चौहान शामिल हैं।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस बल केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल और अनुशासन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय स्तर की इस प्रतियोगिता से पुलिस बलों के बीच समन्वय, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूती मिलेगी। छत्तीसगढ़ को इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी मिलना राज्य के लिए गर्व का विषय है।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि खेल गतिविधियां पुलिस बलों में शारीरिक दक्षता, मानसिक संतुलन और अनुशासन को मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को निष्पक्षता और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं तथा आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।

उद्घाटन समारोह में दुर्ग नगर की महापौर अलका बाघमार, एडीजी एस.आर.पी. कल्लूरी, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, आईजी ओ.पी. पाल, अजय यादव, अभिषेक शांडिल्य और बी.एस. ध्रुव सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित समसाद बेगम, भारती बंधू, आलोक निरंजन तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सबा अंजुम भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।