कोरिया 11 फरवरी, 2026/ छत्तीसगढ़ शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर कोरिया चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में 09 फरवरी 2026 को कोरिया जिले के ग्राम पंचायत करजी (पटना) स्थित खेल मैदान में जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भैयालाल राजवाड़े, विधायक एवं पूर्व खेल मंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस खेल महाकुंभ में जिले के विकासखंड बैकुंठपुर एवं सोनहत के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं तथा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने कुल 12 खेल विधाओं—एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं रस्साकस्सी में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विजेता एवं प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण-पत्र, मेडल, मोमेंटो, टी-शर्ट, नेकर एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने उद्बोधन में भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का भी विकास करते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।