अंडा थाना परिसर में 500 महिला कमांडो का महासम्मेलन, आपदा प्रबंधन और नशा मुक्ति के लिए पुलिस ने दी ट्रेनिंग

रमेश गुप्ता दुर्ग । ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और नशा मुक्ति को सशक्त बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा थाना अंडा परिसर में महिला कमांडो हेतु सिविल डिफेंस प्रशिक्षण एवं प्रेरणा सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल एवं पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी शमशाद बेगम की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में अंडा एवं आसपास के लगभग 40 ग्रामों से 500 से अधिक महिला कमांडो ने भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान State Disaster Response Force (SDRF) की टीम ने प्राकृतिक आपदा, बाढ़, आगजनी एवं भूकंप जैसी परिस्थितियों में प्राथमिक प्रतिक्रिया, घायलों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की विधि, आग से बचाव के उपाय, प्राथमिक उपचार तथा समन्वित राहत कार्यों का व्यवहारिक प्रदर्शन किया।
इसके साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े विधिक प्रावधान, साइबर अपराध से बचाव, सामुदायिक पुलिसिंग, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन एवं नशा मुक्ति अभियान की रणनीति पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। महिला कमांडो को अपने-अपने गांवों में कानून जागरूकता अभियान चलाने तथा सामाजिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि महिला कमांडो ग्रामीण समाज में जागरूकता और सुरक्षा की सशक्त आधारशिला हैं। प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएं आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान कर सकती हैं और नशा मुक्ति एवं महिला सुरक्षा जैसे अभियानों को ग्राम स्तर तक प्रभावी बना सकती हैं। उन्होंने प्रत्येक गांव में कानून के प्रति सम्मान और सामाजिक समरसता का वातावरण निर्मित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी महिला कमांडो ने “सशक्त नारी, सशक्त छत्तीसगढ़” एवं “नशा मुक्त समाज, सुरक्षित समाज” का सामूहिक संकल्प लिया।
इस आयोजन में एसडीओपी धमधा डॉ. चित्रा वर्मा, एसडीओपी पाटन अनुप लकड़ा, जिला सेनानी नगर सेना नागेंद्र सिंह, थाना प्रभारी अंडा पारस ठाकुर सहित पुलिस एवं SDRF दल के अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *