MP Government Jobs : भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की राह देख रहे युवाओं के लिए अप्रैल का महीना बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत नर्सिंग के खाली पदों को भरने के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 2,646 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के इन पदों के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। यह भर्ती तृतीय श्रेणी के नियमित पदों के लिए है, जिसमें उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह से लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। जो युवा स्वास्थ्य सेवाओं में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह एक सुनहरा अवसर है।
भर्ती प्रक्रिया के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी 6 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, चयन मंडल द्वारा 15 मई 2026 से लिखित परीक्षाओं का आयोजन शुरू किया जाएगा। इस बंपर भर्ती से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ हजारों प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।