रायपुर। एक ओर सरकार आयुष्मान योजना की सफलता का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर राजधानी रायपुर के कई निजी अस्पताल योजना के तहत मरीजों का इलाज करने से इंकार कर रहे हैं। इस संबंध में मिली शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक Raghvendra Singh ने आयुष्मान योजना को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने प्रदेश में कार्डधारियों की संख्या, उपचारित हितग्राहियों की संख्या, भुगतान की स्थिति और लंबित मामलों की जानकारी मांगी।
जवाब में स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal ने बताया कि प्रदेश में आयुष्मान योजना के तहत 2.47 करोड़ कार्डधारी हैं। वर्ष 2024 से 15 फरवरी 2026 तक 22 लाख 59 हजार 995 लोगों का उपचार किया गया है। योजना में केंद्र सरकार का 60 प्रतिशत और राज्य सरकार का 40 प्रतिशत अंश है।
मंत्री ने बताया कि योजना में शामिल अस्पतालों के खिलाफ कुल 31 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर कार्रवाई की गई है। रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, श्री नारायणा हॉस्पिटल और बालगोपाल हॉस्पिटल सहित अन्य अस्पतालों के खिलाफ मरीजों का इलाज करने से इंकार करने की शिकायत पर नोटिस जारी किया गया है। कई मामलों में जांच भी जारी है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आयुष्मान योजना के तहत पात्र मरीजों को उपचार से वंचित नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।