कोंडागांव में आज रोजगार का सुनहरा अवसर: प्लेसमेंट कैंप के जरिए 980 पदों पर होगी सीधी भर्ती, मुंबई और चेन्नई में मिलेगा काम

कोंडागांव। जिला प्रशासन द्वारा शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए आज, 18 फरवरी 2026 को एक विशाल प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें कुल 980 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को नियोजक संस्थाओं द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण के बाद रोजगार पर रखा जाएगा।

कैंप में एलएंडटी और लिविवान साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हो रही हैं। एलएंडटी द्वारा निर्माण परियोजनाओं के लिए बढ़ई, राजमिस्त्री, बार बेंडिंग और इलेक्ट्रिकल के विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए कार्यस्थल पनवेल, मुंबई निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के उपरांत 16 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ आवास की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं उत्तीर्ण और आयु सीमा 18 से 35 वर्ष रखी गई है।

इसी प्रकार लिविवान साल्यूशन द्वारा तमिलनाडु के चेन्नई में कार्य हेतु एसेम्बली ऑपरेटर, प्रोडक्शन और क्वालिटी विभाग के साथ ही प्रशिक्षणार्थियों के पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं से लेकर आईटीआई और डिप्लोमा निर्धारित है। कंपनी द्वारा आवास और भोजन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो की छायाप्रति लेकर निर्धारित समय पर प्लेसमेंट कैंप में शामिल हो सकते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *